अनूपपुर: रात से सुबह तक बजता रहा पंजाब नेशनल बैंक का हूटर, जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी, नागरिक रातभर करते रहे चौकीदारी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: रात से सुबह तक बजता रहा पंजाब नेशनल बैंक का हूटर, जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी, नागरिक रातभर करते रहे चौकीदारी


अनूपपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में शुक्रवार-शनिवार की रात सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब कोतवाली थाना से करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सुरक्षा अलार्म (हूटर) रात लगभग 2 बजे से सुबह तक लगातार बजता रहा। घंटों तक अलार्म की तेज आवाज गूंजने के बावजूद बैंक प्रबंधन अथवा संबंधित सुरक्षा एजेंसी की ओर से तत्काल कोई कार्रवाई सामने नहीं आई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बजते अलार्म के कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। चोरी या किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए नागरिकों ने स्वयं बैंक परिसर के आसपास रातभर निगरानी की। वहीं, तेज आवाज के चलते आसपास रहने वाले बुजुर्ग, बीमार, छोटे बच्चों वाले परिवारों और उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों को भी पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब बैंक शहर के संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है और कोतवाली थाना महज 150 मीटर की दूरी पर है, तब घंटों तक बजते सुरक्षा अलार्म पर संबंधित जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी। साथ ही यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि रात्रिकालीन गश्ती के दौरान इस स्थिति पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि अलार्म तकनीकी खराबी के कारण बज रहा था, तब भी बैंक प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी की जिम्मेदारी थी कि तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करती और अलार्म बंद कराती। उनका कहना है कि यदि यह किसी वास्तविक आपराधिक घटना का संकेत होता, तो ऐसी लापरवाही गंभीर परिणाम पैदा कर सकती थी।

नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने तथा यह स्पष्ट करने की मांग की है कि रातभर अलार्म बजने के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। साथ ही यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है। फिलहाल इस संबंध में बैंक प्रबंधन अथवा पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story