उच्च शिक्षा विभाग की समस्याओं को लेकर प्राध्यापक संघ ने उज्जैन में  मुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
उच्च शिक्षा विभाग की समस्याओं को लेकर प्राध्यापक संघ ने उज्जैन में  मुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन


उज्जैन, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार को प्रांतीय शासकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों, ग्रंथपालों और क्रीड़ा अधिकारियों की वर्षों से लंबित मांगों के जल्द निराकरण का आग्रह किया गया है।

उज्जैन संभाग अध्यक्ष डा.मोहन निमोले और अजाक्स उच्च शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार मालवीय ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष प्रो.आनंद शर्मा,संरक्षक प्रो.कैलाश त्यागी,डॉ.दिलीप सोनी और डॉ.जीएल खागोड़े भी उपस्थित रहे।

संघ द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में वर्ष 2004 और 2005 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि नियुक्ति दिनांक से दो वर्ष बाद समाप्त कर करियर प्रोन्नति का लाभ देने तथा योग्यता अर्जित न कर पाने वाले सहायक प्राध्यापकों को वर्ष 2028 तक का अवसर देने की मांग की गई। इसीप्रकार क्रीड़ा अधिकारियों व ग्रंथपालों को सहायक प्राध्यापक, सह प्राध्यापक और प्राध्यापक का पदनाम देते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और यूजीसी नियमों के तहत पे-मैट्रिक्स-14 का लाभ देने की मांग की गई।

संघ ने वर्ष 2009, 2011 और 2019 में नियमितीकरण से वंचित सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर उन्हें करियर एडवांसमेंट का लाभ देने तथा छानबीन समिति की बैठक प्रति सप्ताह विषयवार आयोजित करने की मांग रखी। पात्रता के अनुसार सहायक और सह प्राध्यापकों को पदनाम देने, सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन, वेतन निर्धारण, अर्जित अवकाश व समूह बीमा भुगतान को प्राथमिकता से निपटाने और पिछले 10 वर्षों से लंबित परामर्शदात्री समिति की बैठक सामान्य प्रशासन विभाग के नियमानुसार जल्द आयोजित करने की मांग भी ज्ञापन में की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story