उमरिया : NH-43 पर खड़ी पिकअप में अचानक लगी आग, वाहन जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया : NH-43 पर खड़ी पिकअप में अचानक लगी आग, वाहन जलकर खाक


उमरिया, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उमरिया जिला मुख्यालय के लालपुर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर भाड़े की बात करने पास की एक फर्नीचर दुकान तक गया था। इसी दौरान अचानक पिकअप में आग भड़क उठी। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटें तेज हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल टीम के पहुंचने तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

लालपुर निवासी पिकअप मालिक राजेश चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि वाहन मात्र पांच माह पहले खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि गाड़ी खड़ी कर दुकान में गए थे, तभी अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी की शुरुआत में ही इस तरह की घटना चिंताजनक है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story