मंदसौर को मिले नए कलेक्टर दिव्यांक सिंह, बचपन का शहर अब पहली कलेक्टरी का बना कार्यक्षेत्र

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर को मिले नए कलेक्टर दिव्यांक सिंह, बचपन का शहर अब पहली कलेक्टरी का बना कार्यक्षेत्र


मंदसौर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी प्रशासनिक तबादला सूची के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी दिव्यांक सिंह को मंदसौर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वह जिले की निवर्तमान कलेक्टर अदिति गर्ग का स्थान लेंगे। संयोग यह है कि दिव्यांक सिंह का बचपन मंदसौर में बीता और उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी इसी शहर से हुई थी। अब उन्हें अपने प्रशासनिक जीवन की पहली कलेक्टरी भी इसी जिले में मिली है।

निवर्तमान कलेक्टर अदिति गर्ग ने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा किया। उनके कार्यकाल में जिले में विभिन्न विकास कार्यों और प्रशासनिक नवाचारों को गति मिली। जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार तथा सिंहस्थ मद से विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासन से स्वीकृतियां प्राप्त करने को उनकी प्रमुख उपलब्धियों में माना जाता है।

नवनियुक्त कलेक्टर दिव्यांक सिंह का मंदसौर से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पिता शासकीय सेवा में होने के कारण परिवार कुछ समय तक मंदसौर में रहा। इसी दौरान उन्होंने शहर के सेंट थॉमस स्कूल में पहली और दूसरी कक्षा तक अध्ययन किया। करीब पांच वर्ष की आयु तक उनका बचपन मंदसौर में ही बीता।

दिव्यांक सिंह के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी विशेष मानी जा रही है, क्योंकि जिस शहर से उनकी शिक्षा की शुरुआत हुई, वहीं से उनके कलेक्टर के रूप में प्रशासनिक दायित्वों की भी शुरुआत हो रही है।

प्रशासनिक सेवा का अनुभव उन्हें पारिवारिक पृष्ठभूमि से भी मिला है। उनके पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं। माना जा रहा है कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ उन्हें प्रारंभ से ही पारिवारिक वातावरण से मिली।

दिव्यांक सिंह की पत्नी वर्तमान में गुना जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर पदस्थ हैं।

जिले के लोगों को नए कलेक्टर से विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story