भोपालः निगम का अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान जारी, कई अवैध निर्माण हटाए

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः निगम का अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान जारी, कई अवैध निर्माण हटाए


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण और नियमित अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की।

निगम अमले ने अवैध रूप से बनाए गए चबूतरे, छप्पर, बांस-बल्ली के शेड, फुटपाथ पर लगी सब्जी की दुकानें, दुकानों के बाहर रखा सामान, आवागमन में बाधक वाहन और खंभों पर लगे कटआउट व बोर्ड हटाए। इसके अलावा बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, काउंटर, पान पार्लर, स्टूल, टेबल, बेंच और कुर्सियां हटाने के साथ विभिन्न प्रकार की सामग्री जब्त की।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर बोट क्लब, वल्लभ भवन, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, कोलार के ललिता नगर, मैनिट चौराहा, नेहरू नगर चौराहा, न्यू मार्केट, रेम्बो अस्पताल, गेमन इंडिया, टीनशेड, मातामंदिर, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, छह नंबर स्टॉप, साकेत नगर, एम्स अस्पताल, खजूरी कलां, मंगलवारा, बुधवारा चारबत्ती चौराहा, आजाद मार्केट, इतवारा, नादरा बस स्टैंड, छोला रोड, करोंद पीपल चौराहा, रॉयल मार्केट, जीपीओ और लालघाटी चौराहे सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

इस दौरान सर्विस मार्गों पर आवागमन में बाधक वाहनों और पत्थरों को हटाया गया। निगम अमले ने एक पुरानी वाशिंग मशीन, आठ पाइप, दो जालियां, एक रेलिंग, एक स्टूल और एक छतरी भी जब्त की।

इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए प्रियंका नगर में पांच अवैध झुग्गियों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया तथा नर्मदा भवन के पास शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाए गए। भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में सहयोग करते हुए बागमुगालिया और कटारा हिल्स क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित चार पक्की दुकानों को तोड़ा गया। वहीं, जोन क्रमांक 18 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी की कार्रवाई में सहयोग करते हुए कोलार रोड स्थित राजहर्ष कॉलोनी से अस्थायी टीन शेड हटाए गए और दो सांची पार्लर जब्त किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story