भोपालः नगर निगम ने तीन बकायादार दुकानदारों के खिलाफ की तालाबंदी की कार्रवाई
भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम भोपाल ने राजस्व वसूली अभियान के तहत निगम स्वामित्व वाली दुकानों का किराया जमा नहीं करने वाले तीन बकायादारों के खिलाफ मंगलवार को तालाबंदी की कार्रवाई की। जोन क्रमांक-5 के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में तीन दुकानों पर ताले लगाए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर राजस्व अमले द्वारा संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीज किराया सहित विभिन्न मदों की बकाया राशि वसूलने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक-23 में निगम की दुकानों का किराया लंबे समय से जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निगम के अनुसार तिलक मार्केट स्थित दुकान क्रमांक-25 के बकायादार कमर अजीज पर 86 हजार 850 रुपये की राशि बकाया थी। इसी प्रकार एबी मार्केट की दुकान क्रमांक-78 बी के जगन्नाथ पर एक लाख तीन हजार 895 रुपये तथा दुकान क्रमांक-61 ए के हमीद खान पर 41 हजार 727 रुपये की किराया राशि बकाया थी। निर्धारित राशि जमा नहीं करने पर तीनों दुकानों पर तालाबंदी कर दी गई।
यह कार्रवाई जोनल अधिकारी मुकेश केमिया के निर्देशन में वार्ड क्रमांक-23 के वार्ड प्रभारी एवं निगम के अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर, शुल्क और किराये की राशि जमा नहीं करने वाले अन्य बकायादारों के खिलाफ भी कार्रवाई आगे जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

