भोपाल निगम ने 46 आवारा श्वानों की नसबंदी कर 43 को फिर उसी स्थान पर छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल निगम ने 46 आवारा श्वानों की नसबंदी कर 43 को फिर उसी स्थान पर छोड़ा


भोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों की घटनाओं के बीच नगर निगम द्वारा नसबंदी एवं एंटी रैबीज टीकाकरण अभियान जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम के डॉग स्क्वाड ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 46 आवारा श्वानों को पकड़कर नसबंदी केंद्रों में भेजा। नसबंदी के बाद इनमें से 43 श्वानों को पुनः उसी स्थान पर छोड़ दिया गया, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर डॉग स्क्वाड के दलों ने मंगलवार को विभिन्न जोन क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान 19 श्वानों को कजलीखेड़ा स्थित एबीसी सेंटर और 27 श्वानों को अरवलिया स्थित एबीसी सेंटर भेजा गया। इस प्रकार कुल 46 श्वानों की नसबंदी के लिए कार्रवाई की गई।

नगर निगम के अनुसार नसबंदी के बाद 43 श्वानों को वापस उनके पूर्व स्थान पर छोड़ा गया। निगम का डॉग स्क्वाड शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रखेगा।

हालांकि, आवारा श्वानों को नसबंदी के बाद उसी क्षेत्र में छोड़े जाने को लेकर नागरिकों के बीच सवाल भी उठ रहे हैं। शहर में लगातार बढ़ रही श्वानों की संख्या और उनके हमलों से लोगों के घायल होने की घटनाओं के बीच नागरिक स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story