मंदसौर : भानपुरा में पान उत्पादकों की आय बढ़ाने की तैयारी, पान कैंडी जैसे उत्पादों को मिलेगा बाजार

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर : भानपुरा में पान उत्पादकों की आय बढ़ाने की तैयारी, पान कैंडी जैसे उत्पादों को मिलेगा बाजार


मंदसौर, 9 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पान उत्पादक किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने पहल की है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया और कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने भानपुरा तथा आसपास के गांवों का भ्रमण कर कृषि गतिविधियों, शासकीय कार्यालयों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान पान उत्पादक किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और जरूरतों पर चर्चा की गई। वहीं, रायपुरिया गांव में ब्लूबेरी की खेती का भी अवलोकन किया गया।

पान उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए बनेगी कार्ययोजना

भानपुरा क्षेत्र पान की खेती के लिए जाना जाता है। यहां के किसानों को आर्थिक रूप से अधिक समृद्ध बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने पान उत्पादक किसानों की बैठक ली। इसमें किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी लेकर सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें सहायता उपलब्ध कराने की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

क्षेत्र में पान उत्पादक किसानों का क्लस्टर भी बनाया गया है। इसके माध्यम से किसानों को संगठित कर खेती से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी उपज के लिए बेहतर बाजार तैयार करने की योजना है।

प्रशासन की योजना है कि भानपुरा में उत्पादित पान को दिल्ली, जयपुर सहित अन्य मंडियों तक पहुंचाकर किसानों को बेहतर लाभ दिलाया जाए। इसके साथ ही किसानों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

पान से तैयार होंगे प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद

पान उत्पादकों की आमदनी बढ़ाने के लिए पान से तैयार होने वाले अन्य उत्पादों की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा। इसमें पान कैंडी जैसे खाद्य उत्पाद तैयार कर उन्हें बाजार उपलब्ध कराने की योजना शामिल है। इससे किसानों को पारंपरिक खेती के साथ प्रसंस्करण के जरिए भी आय बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।

इसके अलावा क्षेत्र में पान की खेती करने वाले किसानों को नेट शेड और पॉलीहाउस जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि पान की खेती के लिए जरूरी संरचनाएं विकसित की जा सकें।

रायपुरिया में ब्लूबेरी की खेती का निरीक्षण

भ्रमण के दौरान विधायक चंदरसिंह सिसोदिया और कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने ग्राम रायपुरिया में किसान अमन चौधरी द्वारा की जा रही ब्लूबेरी की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने खेती की तकनीक और उत्पादन से संबंधित जानकारी ली।

किसान अमन चौधरी को नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड की हाईटेक नर्सरी योजना के तहत शेडनेट हाउस का लाभ मिला है। इसी संरचना में उनके द्वारा ब्लूबेरी की खेती की जा रही है। अधिकारियों ने खेती के इस तरीके और उससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हुए इस भ्रमण में कृषि, राजस्व और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पान उत्पादकों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता, आधुनिक खेती की सुविधाएं और उपज के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की पहल से क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story