मंदसौरः भगवान पशुपतिनाथ सोमवार को करेंगे नगर का भ्रमण, राजसी सवारी की पूर्व संध्या पर निकली विशाल वाहन रैली

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः भगवान पशुपतिनाथ सोमवार को करेंगे नगर का भ्रमण, राजसी सवारी की पूर्व संध्या पर निकली विशाल वाहन रैली


मंदसौर, 23 अगस्त (हि.स.)। सावन के अंतिम सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ महादेव अपनी प्रजा हाल जानने के लिए राजसी रथ में सवार होकर शहर में निकलेगे। मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ की राजसी सवारी से एक दिन पहले रविवार को शहर में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली में करीब 5 हजार श्रद्धालु दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ शामिल हुए।

पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान 'हर-हर महादेव' और 'जय पशुपतिनाथ' के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। वाहन रैली का आयोजन भगवान पशुपतिनाथ प्रात:कालीन आरती मंडल की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य राजसी सवारी का प्रचार-प्रसार करने के साथ शहरवासियों और श्रद्धालुओं को सवारी में शामिल होने का निमंत्रण देना था। पंडित दिलीप शर्मा ने बताया कि प्रात:कालीन आरती मंडल पिछले करीब 30 वर्षों से भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकाल रहा है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी शाही सवारी से एक दिन पहले वाहन रैली का आयोजन किया गया।

रैली पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू होकर सत्संग भवन, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, घंटाघर, गणपति चौक, शुक्ला चौक, कालाखेत, गांधी चौराहा, बीपीएल चौराहा और नई आबादी पहुंची।

इसके बाद रैली कंबल केंद्र, संजय गांधी उद्यान, महाराणा प्रताप बस स्टैंड, रामटेकरी कॉर्नर, श्री कोल्ड, संजीत मार्ग, लक्ष्मीबाई चौराहा, गीता भवन रोड अंडरब्रिज, अभिनंदन मार्ग, रेलवे स्टेशन, नाहटा चौराहा, पुलिस लाइन और अंबेडकर चौराहा होते हुए नेहरू बस स्टैंड बालाजी और कालिदास मार्ग पहुंची। यहां से रैली वापस घंटाघर और सदर बाजार होते हुए भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story