शहडोल: गांव एंव शहर मे हरियाली, खुशहाली और भाईचारे का संदेश लेकर मनाया गया कजलियां पर्व

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: गांव एंव शहर मे हरियाली, खुशहाली और भाईचारे का संदेश लेकर मनाया गया कजलियां पर्व


शहडोल, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में जीवन में हरियाली, खुशहाली, उन्नति, प्रेम, सद्भावना और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का सामाजिक पर्व कजलियां पर्व शनिवार को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कजलियां पर्व के अवसर पर महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कजलियां तैयार कर उनकी पूजा-अर्चना की। इसके बाद एक-दूसरे को कजलियां भेंट कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामनाएं दी गईं। घरों में भी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गईं।

प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है कजलियां पर्व

कजलियां पर्व केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है। इस अवसर पर लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के घर पहुंचते हैं और कजलियां देकर रिश्तों में मिठास एवं भाईचारे को मजबूत करते हैं।

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की टोलियां पारंपरिक उत्साह के साथ कजलियां लेकर एक-दूसरे के घर पहुंचीं। बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया गया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

पारंपरिक संस्कृति से जुड़ने का अवसर

कजलियां पर्व नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। पर्व के दौरान जिलेभर में उत्सवी माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को कजलियां भेंट कर हरियाली, खुशहाली, उन्नति, प्रेम और सद्भावना की कामना की।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story