मध्य प्रदेश में बढ़ने लगा सर्दी का असर, अमरकंटक के बाद इंदौर में सबसे ज्यादा ठंड, 19 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बढ़ने लगा सर्दी का असर, अमरकंटक के बाद इंदौर में सबसे ज्यादा ठंड, 19 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे


- 20 नवंबर के बाद बारिश के आसार

भोपाल, 15 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही हैं और रात के साथ सुबह भी ठिठुरन महसूस होने लगी है। बीती शनिवार रात प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान रहा, जबकि इंदौर 11.2 डिग्री के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 11.7 डिग्री और दमोह में 12 डिग्री तापमान रहा। छिंदवाड़ा और रायसेन में पारा 12.4 डिग्री, नौगांव में 13 डिग्री, भोपाल और जबलपुर में 13.2 डिग्री तथा उज्जैन में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सिस्टम आगे बढ़ने के बाद और बढ़ेगी ठंड

मौसम के पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नवंबर के दूसरे पखवाड़े में नौ साल ठंड का असर तेज हुआ है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। जब यह सिस्टम आगे बढ़ेगा, तब उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आएंगी। इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा और रात के तापमान में गिरावट हो सकती है।

ग्वालियर-चंबल में ज्यादा महसूस होगी सर्दी

नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड बढ़ने का अनुमान है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है, क्योंकि इन इलाकों में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं सीधे पहुंचती हैं। आंकड़ों के मुताबिक, ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में पारा गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

20 नवंबर के बाद बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवातीय सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश का एक दौर आ सकता है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने के शुरुआती दिनों में बारिश की संभावना जताई गई थी। वहीं, तीसरे और चौथे सप्ताह में नया सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777295 Articles

Share this story