पन्नाः भगवान जगन्नाथ की 16 जुलाई को पुरी की तर्ज पर निकलेगी ऐतिहासिक रथयात्रा
पन्ना, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पवित्र नगरी पन्ना में देश की प्रमुख भगवान जगन्नाथ स्वामी की पुरी में निकाली जाने वाली यात्रा की तर्ज पर रथयात्रा निकाली जाती है उक्त कार्यक्रम की शुरूआात सोमवार को भगवान जगन्नाथ स्वामी के स्नान यात्रा के साथ शुरू हो गई।
पवित्र तीर्थों के सुगंधित जल से महाभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को ‘अनसर’ यानी लू लगने के कारण ज्वर हो गया है। इसी धार्मिक परंपरा के तहत अब मंदिर के कपाट अगले 15 दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे। इस अवधि में केवल मंदिर के पुजारी ही गर्भगृह में जाकर भगवान की विशेष सेवा-सुश्रूषा एवं जड़ी-बूटियों से उपचार करेंगे।
इससे पहले सोमवार सुबह 9 बजे बड़ा दीवाला स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का महाभिषेक किया गया। पन्ना नरेश छत्रसाल द्वितीय एवं राजपरिवार के सदस्य, मंदिर समिति, पुजारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान को गर्भगृह से मंदिर परिसर स्थित लघु मंदिर तक पारंपरिक शोभायात्रा के रूप में लाया गया। बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ भगवान का स्वागत किया गया तथा हजार छिद्र वाले पारंपरिक मिट्टी के कलश से उनका अभिषेक किया गया।
स्नान के बाद धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान को लू लगने से ज्वर आ गया, जिसके बाद उन्हें सफेद वस्त्र धारण कराए गए और विशेष आरती के उपरांत पुनः गर्भगृह में विराजमान कराया गया। अब 15 दिनों तक भगवान विश्राम करेंगे तथा श्रद्धालुओं को उनके प्रत्यक्ष दर्शन नहीं हो सकेंगे।
श्रृद्धालुओं को किये गये पवित्र घट वितरित - कार्यक्रम के समापन पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए महाभिषेक में उपयोग किए गए मिट्टी के पवित्र घट श्रद्धालुओं में वितरित किए गए, जिन्हें लोग अपने घर ले जाकर पूजा स्थल में स्थापित करते हैं। मंदिर समिति के अनुसार आगामी 14 जुलाई को भगवान का ज्वर ठीक होने पर विशेष पथ्य प्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके अगले दिन 15 जुलाई को धूप-घर झांकी एवं धूप-कपूर आरती का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु जालीदार पर्दे से भगवान के दर्शन कर सकेंगे। अंत में 16 जुलाई को पन्ना नगर में भगवान जगदीश स्वामी की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

