अनूपपुर: जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा 16 को निकलेगी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा 16 को निकलेगी


अनूपपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथ यात्रा 16 जुलाई को नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए इस्कॉन अनूपपुर केंद्र में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं की कई बैठकें आयोजित की गईं। जिसमें रथ यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए अपने सुझाव दिए तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। बैठक का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के स्मरण के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा, प्रेम और भक्ति का संदेश देने वाला महापर्व है। सभी श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों सहित आयोजन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया।

बैठक में रथ यात्रा की संपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां, श्रद्धालुओं की सुविधाएं तथा विशाल भंडारे के संचालन सहित विभिन्न विषयों पर सुझाव लिए गए। उपस्थित लोगों ने अपने-अपने स्तर पर सहयोग करने की सहमति व्यक्त की। आयोजकों के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथ यात्रा 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे सामतपुर तालाब स्थित शिव मारुति मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा शिव मारुति मंदिर, बिजली ऑफिस, अंडर ब्रिज, अमरकंटक तिराहा, पीआरटी कॉलेज होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय मैदान तक पहुंचेगी।

आयोजकों ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में सम्मिलित होना, रथारूढ़ भगवान के दर्शन करना, रथ को खींचना तथा हरिनाम संकीर्तन में भाग लेना अत्यंत पुण्यदायक और कल्याणकारी माना गया है। मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ स्वयं अपने भक्तों पर कृपा बरसाने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं और सभी को प्रेम एवं भक्ति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story