शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, घाटों पर तैयारियां तेज
इंदौर, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। सूर्योपासना और कठिन व्रत-साधना के इस पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। छठ पूजा समितियों और स्थानीय रहवासियों द्वारा विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, कुंडों के निर्माण और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है। कई स्थानों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन कार्तिक शुक्ल चतुर्थी पर व्रती स्नान-ध्यान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ व्रत का संकल्प लेंगे। इस दिन कद्दू-भात और चने की दाल बनाने की परंपरा है। व्रती स्वयं तैयार किया गया सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत की शुरुआत होगी।
खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी पर खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के प्रसाद में मुख्य रूप से गुड़ की खीर, दूध, चावल का पिठ्ठा और घी लगी रोटी शामिल होती है। भगवान सूर्य को भोग अर्पित करने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
15 को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य
रविवार, 15 नवंबर को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, ईख और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। इसके अगले दिन सोमवार, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर निर्जला उपवास खोलेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव केके झा के अनुसार, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बापट चौराहे के समीप सुखलिया क्षेत्र में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। यहां व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट की साफ-सफाई, निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है।
कैट रोड स्थित श्री सूर्य मंदिर परिसर में भी छठ पूजा की तैयारियां की गई हैं। स्थानीय पार्षद एवं जोन अध्यक्ष प्रशांत बडवे ने मौके पर पहुंचकर सफाई और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री सूर्य मंदिर छठ पूजा समिति के कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद रहे। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बनाए गए कुंड की साफ-सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया है।
छठ महापर्व की चार दिवसीय तिथियां
13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय
14 नवंबर, शनिवार: खरना
15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य (अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना)
16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य (उदीयमान सूर्य की उपासना और पारण)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

