अनूपपुर: खाद्य विभाग का 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 29 नमूने जांच के लिए भेजे प्रयोगशाला
अनूपपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में त्योहार के नजदीक आते ही खाद्य विभाग ने जिले भर में छापामारी शुरू कर दी है। दो दिनों में लगभग 20 प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर 29 नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि कलेक्टर रत्नाकर झा के निर्देश पर जिलेभर में गुरूवार और शुक्रवार को मिठाई दुकानों, खोवा विक्रेता एवं खाद्य की अन्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर नमूने संग्रहीत किए गए हैं। जिसमे कोतमा, बिजुरी, जैतहरी, अनूपपुर, अमरकंटक में निरीक्षण किया। जहां विभिन्न मिठाई की दुकानों, खोवा विक्रेता व अन्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण के दौरान दूध एवं मावा, घी, मिठाई, दूध एवं खोवे से बनी विभिन्न प्रकार की मिठाईयॉ, छैना के रसगुल्ले, बेसन के लड्डू आदि के लगभग 29 नमूनों को संग्रहीत किया गया। संग्रहीत नमूनों की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस दौरान खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सामग्री ढंककर रखने, स्वच्छता पूर्वक और गुणवत्तापूर्ण मिठाईयों का विक्रय करने के निर्देश दिए। विक्रेताओं को हिदायत दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

