मंदसौर में पांच दिवसीय श्री हनुमंत जन्मोत्सव संपन्न, भव्य चल समारोह और भंडारे का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में पांच दिवसीय श्री हनुमंत जन्मोत्सव संपन्न, भव्य चल समारोह और भंडारे का आयोजन


मंदसौर, 02 अप्रैल (हि.स.)। श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर श्री तीन छत्री बालाजी धाम परिसर में आयोजित पांच दिवसीय श्री हनुमान महायज्ञ एवं जन्मोत्सव महोत्सव का गुरुवार को पूर्णाहूति के साथ समापन हुआ। यह धार्मिक आयोजन 29 मार्च से प्रारंभ होकर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निरंतर जारी रहा।

समापन अवसर पर महामंडलेश्वर द्वारिकाधीश पीठाधीश्वर योगीराज जी महाराज, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक रामानुज जी, चेतन्य मणि महेश जी, धाम के प्रमुख संत श्री श्री 108 महंत श्रीरामकिशोर दास जी महाराज तथा यज्ञाचार्य विष्णु शर्मा (रठाना) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

महोत्सव की शुरुआत रविवार को कलश यात्रा के साथ हुई थी। इसके पश्चात सोमवार को भजन संध्या और मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

समापन दिवस पर बड़े बालाजी बस स्टैंड से भव्य चल समारोह निकाला गया, जो घंटाघर और सदर बाजार होते हुए श्री तीन छत्री बालाजी धाम, खानपुरा पहुंचा। यहां संतों के सानिध्य में नवकुंडात्मक श्री हनुमान महायज्ञ की पूर्णाहूति संपन्न हुई, जिसमें 27 दंपतियों ने भाग लिया।

महायज्ञ की पूर्णाहूति के पश्चात संतों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, तत्पश्चात उन्हें विदाई दी गई। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

पूरे आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story