आगरमालवाः नलखेड़ा हादसे में मृतकों के परिजनों को दी गई 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
आगरमालवा, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी मंदिर के समीप पिछले दिनों हुए कार हादसे में उड़ीसा निवासी सभी मृतकों के परिजनों को प्रदेश शासन की ओर से कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान कर दिया गया है।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शुक्रवार को बताया कि हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजन, वारिसान को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से सहायता राशि स्वीकृत कर उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी गई है। प्रशासन द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर त्वरित गति से भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
इस हादसे में मृतक उड़ीसा निवासी मृतक शिवप्रसाद बेहरा के भाई निरंजन प्रसाद बेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार उक्त हादसे में उड़ीसा निवासी सभी 7 मृतकों के परिजनों, वारिसानों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता का भुगतान उनके खाते में प्राप्त हो गया है। वही इसके अतिरिक्त आगरमालवा जिले के निवासी वाहन चालक मृतक के परिजन को भी राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान संबंधित वारिसान के बैंक खाते में कर दिया गया है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, जिला कलेक्टर डॉ शेरसिंह मीना एवं प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन को त्वरित सहायता मिलने पर धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

