मंदसौरः योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम नूतन स्टेडियम में होगा, मुनिश्री प्रणम्यसागर का मिलेगा सानिध्य

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम नूतन स्टेडियम में होगा, मुनिश्री प्रणम्यसागर का मिलेगा सानिध्य


मन्दसौर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार, 21 जून को शहर के नूतन स्टेडियम में दिगंबर जैन मुनिश्री प्रणम्यसागर जी महाराज की निश्रा में विशाल योग साधना कार्यक्रम का आयोजन होगा। मुनिश्री प्रणम्यसागर जी द्वारा प्रणीत अर्हं योग की साधना भी इस ऐतिहासिक आयोजन में कराई जाएगी।

कार्यक्रम में मप्र शासन की ओर जारी सूची के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुधीर गुप्ता मौजूद रहेगे। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिले अधिकारीगण भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मंदसौर शहर के सभी समाज, सभी संस्थाएं, विद्यार्थी, व्यापारी वर्ग तथा सभी योग प्रेमी सम्मिलित होकर भव्यता प्रदान करेंगे।

मंदसौर नगर में योग की अलख जगाने वाली अग्रणी संस्था दशपुर योग शिक्षा संस्थान के पांच केंद्रों के साधकों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व नूतन स्टेडियम स्थित योग भवन में वृहद स्तर पर योगाभ्यास किया गया। इस विशेष सत्र में सभी साधकों ने योग गुरु सुरेंद्र जैन के कुशल मार्गदर्शन में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हेतु निर्धारित सामान्य योग अभ्यासक्रम (प्रोटोकॉल) का अभ्यास किया और इससे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

योगाभ्यास के पश्चात् सभी साधकों ने स्टेडियम परिसर में एकत्र होकर एक विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया। इस मानव श्रृंखला के माध्यम से साधकों ने नगरवासियों को जागरूक करते हुए आह्वान किया कि वे 21 जून की प्रात: 5.30 बजे नूतन स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में अपनी सहभागिता करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story