मंदसौरः नूतन स्टेडियम में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिलास्तरीय आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः नूतन स्टेडियम में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिलास्तरीय आयोजन


मंदसौर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 21 जून प्रात: 5:30 बजे से 8:00 बजे तक नूतन खेल परिसर स्टेडियम में किया जाएगा।

जिला आयुष विभाग ने गुरुवार को बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर विशेष कैंप आयोजित

दशपुर योग शिक्षा संस्थान एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नूतन स्टेडियम स्थित योग भवन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर एक विशेष योग कैंप आयोजित किया गया। इस विशेष कैंप में योग गुरु सुरेन्द्र जैन ने आगामी 21 जून को प्रोटोकॉल के तहत की जाने वाली सभी योग क्रियाओं का उपस्थित साधकों को अभ्यास करवाया तथा साथ ही इन क्रियाओं से होने वाले विभिन्न शारीरिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जिला आयुष अधिकारी बिन्दू धु्रव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास करने से व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होते हैं। उन्होंने सभी योग साधकों से पुरजोर आव्हान किया कि 21 जून को नूतन स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा ऊँ अर्हं सोशल वेलफेयर फाउण्डेशन, दशपुर योग शिक्षा संस्थान व सकल जैन समाज के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story