19 और 20 मई को आसमान में दिखेगा ‘दा विंची ग्लो’, चांद के साथ नजर आएंगे वीनस और जुपिटर
भोपाल, 18 मई (हि.स.)। आकाश प्रेमियों के लिए 19 और 20 मई की शाम खास रहने वाली है। इन दो दिनों में आसमान में एक दुर्लभ और मनमोहक खगोलीय घटना “दा विंची ग्लो” या “अर्थशाइन” देखने को मिलेगा। इस दौरान हंसियाकार चंद्रमा का अंधेरा हिस्सा भी हल्की चमक के साथ दिखाई देगा, जिससे चांद बेहद आकर्षक नजर आएगा।
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने साेमवार काे हिस से चर्चा करते हुए
बताया कि इस खगोलीय घटना को “अशेन ग्लो” भी कहा जाता है। सामान्यतः चंद्रमा का वही हिस्सा दिखाई देता है, जिस पर सूर्य की सीधी रोशनी पड़ती है, लेकिन इन दिनों पृथ्वी से परावर्तित सूर्य की किरणें चंद्रमा के अंधेरे हिस्से को भी हल्की चमक प्रदान करेंगी। इससे चांद का अप्रकाशित भाग भी साफ दिखाई देगा।
उन्होंने बताया कि इस मौसम में उत्तरी गोलार्ध में पृथ्वी की चमक अधिक रहती है। बर्फ पिघलने और बादलों की अधिकता के कारण धरती सूर्य के प्रकाश को ज्यादा परावर्तित करती है। यही वजह है कि अप्रैल और मई के दौरान अर्थशाइन सबसे अधिक स्पष्ट दिखाई देता है।
इस खगोलीय नजारे की खास बात यह होगी कि चंद्रमा के साथ आकाश में चमकीले ग्रह वीनस और जुपिटर भी दिखाई देंगे। इससे पश्चिमी आसमान का दृश्य और अधिक आकर्षक बन जाएगा।
सारिका के अनुसार, इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए किसी दूरबीन या टेलिस्कोप की जरूरत नहीं होगी। सूर्यास्त के करीब आधे घंटे बाद पश्चिम दिशा में खुली आंखों से इसे आसानी से देखा जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

