श्योपुरः बाड़े से खुले जंगल में छोड़े गए शावकों में दो नर और एक मादा

WhatsApp Channel Join Now
श्योपुरः बाड़े से खुले जंगल में छोड़े गए शावकों में दो नर और एक मादा


श्योपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना के तहत शनिवार को मादा चीता निर्वा और उसके तीन शावकों को बाड़े से निकालकर खुले जंगल में छोड़ दिया गया। इस नई बढ़त के साथ अब कूनो के खुले वन क्षेत्र में घूमने वाले चीतों की कुल संख्या 20 हो गई है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, निर्वा के साथ छोड़े गए तीनों शावकों में दो नर और एक मादा हैं, जिनकी उम्र लगभग 13 महीने है। इन सभी को पालपुर ईस्ट रेंज के आहेरा पर्यटन क्षेत्र में रिलीज किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि चार नए चीतों के खुले जंगल में आने से यहां आने वाले पर्यटकों का उत्साह बढ़ेगा।

प्राकृतिक माहौल में चीतों को देखने के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे न केवल वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता आएगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

चीता परियोजना के फील्ड डायरेक्टर ने बताया कि वर्तमान में सभी चीते पूरी तरह स्वस्थ हैं और जंगल के माहौल में तालमेल बिठा रहे हैं। उन्होंने इस कदम को परियोजना की एक बड़ी उपलब्धि बताया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूनो नेशनल पार्क की पहचान और मजबूत होगी।

सुरक्षा और कड़ी निगरानी

जंगल में छोड़े जाने के बाद भी इन चीतों की सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अत्याधुनिक रेडियो टेलीमेट्री सिस्टम और वन विभाग की समर्पित टीमें चौबीसों घंटे इनकी निगरानी करेंगी। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चीते नए वातावरण में सुरक्षित रहें और खुद को ढाल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्‍णव

Share this story