रामदेव के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का जवाब- स्वामी जी हमारे बड़े हैं, उनका सब कुछ स्वीकार है

WhatsApp Channel Join Now
रामदेव के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का जवाब- स्वामी जी हमारे बड़े हैं, उनका सब कुछ स्वीकार है


छतरपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। योगगुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच भगवान श्रीकृष्ण को लेकर शुरू हुई बयानबाजी के बीच अब बाबा बागेश्वर की प्रतिक्रिया सामने आई है। पंजाब के पठानकोट में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने स्वामी रामदेव के बयान पर सहजता से अपनी बात रखते हुए कहा कि स्वामीजी हमारे बड़े हैं, अभिभावक हैं और उनका सब कुछ हमें स्वीकार है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेवजी ने उनका नाम नहीं लिया है। वे हमारे अपने हैं और पूज्य हैं।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि स्वामी रामदेवजी का स्वभाव बहुत सरल है। वे महापुरुष हैं। उनके और हमारे बीच बहुत आनंद है। संभव है कि कोई बात उन्हें अच्छी नहीं लगी हो या उनके मन में कुछ लगा हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा होगा। उनके दिए हुए आशीर्वाद भी हमें स्वीकार हैं। उन्होंने कहा कि स्वामीजी ने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है और उन्होंने भी उन्हें सदैव अपने अभिभावक के रूप में देखा है।

बाबा बागेश्वर ने बताया कि चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव मंच पर आए थे और उन्होंने उनकी खूब प्रशंसा की थी। इसके चार दिन बाद उन्होंने ऐसी बात कही है। जरूर कोई बात उनके मन में लगी होगी। हालांकि, हमें सब सहज स्वीकार है। स्वामीजी हमारे पूज्य हैं, बड़े हैं और अभिभावक के समान हैं।

भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

गौरतलब है कि इस विवाद की शुरुआत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी से हुई थी। उन्होंने भगवान श्रीराम से तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के लिए 'टेढ़े-मेढ़े' शब्द का इस्तेमाल किया था। इसी टिप्पणी को लेकर योगगुरु बाबा रामदेव ने नाराजगी जताई थी और बाबा बागेश्वर को नसीहत दी थी।

बाबा रामदेव ने कहा था कि भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना नहीं करनी चाहिए तथा सनातन धर्म के नाम पर ढोंग नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन का ज्ञान रखते हैं और न ही लोकतंत्र तथा संविधान को जानते हैं, लेकिन खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म की रक्षा करने की बातें करते हैं। ऐसे लोगों को पहले खुद को बचाने और सुधारने की जरूरत है।

रामदेव की इस टिप्पणी के बाद धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने स्वामी रामदेव के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी बातों को सहजता से स्वीकार करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story