पशुपतिनाथ लोक का निर्माण पूर्णता की ओर, 29 को सीएम कर सकते है लोकार्पण
मंदसौर, 25 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर नगर के शिवना नदी के तट पर स्थित अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में बन रहा पशुपतिनाथ लोक पूर्णता की ओर है करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए जा रहे इस लोक का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बाकी कामों के पूरा होते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे, संभावित है कि 29 दिसम्बर को मुख्यमंत्री मंदसौर आ सकते है और का लोक का लोकार्पण कर सकते है।
कुछ दिन पूर्व कलेक्टर अदिति गर्ग ने मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के अधिकारियों के साथ पशुपतिनाथ लोक में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लोक से जुड़े सभी कार्य अंतिम चरण में हैं और इन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। लोक निर्माण का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में निकासी व्यवस्था, वॉशिंग, लाइटिंग और अंतिम जांच का कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे। जितके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने अपने पदाधिकारियों के साथ पशुपतिनाथ लोक का निरीक्षण किया था। अब गुरूवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल ने पुलिस अधिकारियों के साथ पशुपतिनाथ लोक का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पशुपतिनाथ लोक में वर्तमान में रुद्राक्ष स्ट्रक्चर, थिएटर, ऐतिहासिक दीवार, ड्रेनेज, पाइपलाइन सहित अन्य निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर के लोक परिसर के रूप में पहली किस्त की 25 करोड़ रुपए की राशि से निर्माण, विकास और सौंदर्यकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि लोकार्पण को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा हो चुकी है और 29 दिसंबर के आसपास उनका मंदसौर आना प्रस्तावित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

