अनूपपुर: ट्रेन ठहराव की बहाली को लेकर 5 सितंबर को छुलहा रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस सौंपेगी ज्ञापन
अनूपपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के छुलहा रेलवे स्टेशन एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न रेलवे समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर 5 सितंबर को छुलहा स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से बिलासपुर रेल मंडल एवं बिलासपुर जोन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कांग्रेस के जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रजन कुमार राठौर ने बुधवार काे बताया कि दोपहर 1 बजे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुड्डू चौहान, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जयसिंहनगर विधानसभा प्रभारी आशीष त्रिपाठी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही सेंदुरी, छुल्हा, बर्री, अमगमा एवं पिपरिया गांवों के सरपंच, जनपद सदस्य रामवती राठौर, क्षेत्र के ग्रामीणजन एवं आम नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर रेलवे से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग करेंगे।
रजन कुमार राठौर ने बताया कि कोरोना काल के दौरान बंद किए गए यात्री ट्रेनों के ठहराव को छुलहा रेलवे स्टेशन पर पुनः बहाल करना ही प्रमुख मांगों में शामिल है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 18234 एवं 18233, भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 18235 एवं 18236, रीवा-बिलासपुर गाड़ी संख्या 18247 एवं 18248, बिलासपुर-चिरमिरी गाड़ी संख्या 18257 एवं 18258 तथा दुर्ग-अंबिकापुर गाड़ी संख्या 18241 एवं 18242 सहित अन्य यात्री ट्रेनों का छुलहा स्टेशन पर ठहराव होता था। इन ट्रेनों के ठहराव से आसपास के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलती थी। कांग्रेस नेता का आरोप है कि कोरोना काल के बाद रेलवे द्वारा इन ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि छुलहा, नगदहा, सिन्दुरी, हर्री, बर्री, भगतबांध, मौहरी, अमगवा, बेलिया, बेला, टांकी, कुसमहाई, खिरनाटोला, कांसा, कोड़ा, अगरियानार सहित आसपास के 15 से अधिक गांवों की करीब 30 हजार की आबादी इससे प्रभावित हो रही है।
ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
रजन कुमार राठौर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों का छुलहा स्टेशन पर ठहराव किया गया था। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गरीब और आम यात्रियों की सुविधाओं की अनदेखी कर रही है तथा उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि छुलहा रेलवे स्टेशन पर पूर्व में रुकने वाली यात्री ट्रेनों का ठहराव जल्द से जल्द पुनः प्रारंभ नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों एवं यात्रियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
फुट ओवरब्रिज के विस्तार की मांग
जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि छुल्हा रेलवे स्टेशन में बने फुट ओवर ब्रिज जो प्लेटफॉर्म एक नंबर से दो नंबर तीन नंबर व चार नंबर प्लेटफॉर्म में जाती है उसको दोनों साइड विस्तार किया जाए । चार नंबर से उधर रोड साइड विस्तार किया जाए और एक नंबर से इधर रोड साइड विस्तार किया जाए। छुल्हा रेलवे स्टेशन के सामने रोड पर बस स्टैंड होने के वजह से आम नागरिक को रेलगाड़ी खड़ी रहने करण आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है एवं खड़ी मालगाड़ी के नीचे से आवागमन करते हैं। ज्ञात हो कि पहले स्टेशन के बगल से लेवल क्रॉसिंग था उसको रेल प्रशासन ने तोड़कर 1 किलोमीटर दूर अंडर ब्रिज बनाया गया है और उस अंडर ब्रिज का सीसी वा डामरी करण रोड भी छुल्हा रेलवे स्टेशन रोड से ग्राम पंचायत रोड तक परमानेंट पक्की रोड नहीं बनाया गया जिसे बनवाया जाए।
अंडरब्रिज में जलभराव और सड़क की बदहाली का मुद्दा
इसके अलावा हर्री-बर्री अंडरब्रिज, बीके-60 तथा बाईपास अंडरब्रिज में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी निराकरण की मांग भी की जाएगी। कांग्रेस के अनुसार, समुचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के समय ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में रेलवे साइड से जुड़े लिंक रोड का डामरीकरण, दोनों ओर नाली निर्माण तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

