अनूपपुर: कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ दिया धरना दिया
अनूपपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अनूपपुर, जैतहरी, बिजुरी में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को आमजन की परेशानियों के लिए जिम्मेदार ठहराया।
प्रदर्शन के दौरान, कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम, प्याज और शक्कर की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी समस्याओं और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर भी सरकार की नीतियों को विफल बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल की महंगाई कम करने के नाम पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दिया गया, लेकिन इससे उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली। उनका कहना था कि इथेनॉल उत्पादन से जुड़ी नीतियों के कारण शक्कर के दाम भी बढ़े हैं।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पहले लगभग 40 रुपये प्रति किलो मिलने वाली शक्कर अब 80 से 90 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके अतिरिक्त, सरसों तेल और आटे जैसी रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। धरना प्रदर्शन के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार से आमजन को तत्काल राहत देने की मांग की। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

