गांधी सागर में कैबिनेट बैठक की तैयारियों का कमिश्नर और एडीजी ने लिया जायजा
मंदसौर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गांधी सागर में 18 नवंबर को प्रस्तावित मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक की तैयारियों का उज्जैन संभाग के कमिश्नर आशीष सिंह और एडीजी राकेश गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हिंगलाजगढ़ रिजॉर्ट और टेंट सिटी पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रिमंडल की बैठक के लिए निर्धारित व्यवस्था, प्रेस वार्ता कक्ष, मीटिंग हॉल और हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों से अवगत कराया। कमिश्नर आशीष सिंह ने विशिष्ट अतिथियों के आगमन और उनके लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। वहीं, एडीजी राकेश गुप्ता ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बैठक लेकर कैबिनेट आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की और जिला प्रशासन को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक गरोठ चंदरसिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, डीआईजी रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन, एसडीएम राहुल चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

