अनूपपुर: जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी जनसामान्य की समस्या, त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के दिये निर्देश
अनूपपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 42 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए, जिससे आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
मंगलवार की जन सुनवाई में दो प्रमुख शिकायतें सामने आईं। एक महिला कर्मचारी ने जिला चिकित्सालय में अपनी उपस्थिति से छेड़छाड़ और मॉड्यूलर ओटी में काम करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। वहीं, एक विधवा महिला ने अपने पति की मृत्यु सहायता राशि न मिलने की शिकायत की।
जिला चिकित्सालय में पिछले 14 साल से कलेक्टर दर पर कार्यरत और वर्तमान में एमटीएस में सेवा दे रही महिला कर्मचारी ने कलेक्टर को बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसकी उपस्थिति पंजीयक में 'प्रेजेंट' को 'एब्सेंट' में बदला जा रहा है।
महिला स्टाफ का आरोप है कि पिछले एक माह से उस पर मॉड्यूलर ओटी में ड्यूटी करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि उसे एमटीएस में ड्यूटी लगाने से मना किया जा रहा है। उसके इंचार्ज स्टाफ की कमी बताकर उसे रिलीव करने से मना कर रहे हैं और उसकी उपस्थिति 'प्रेजेंट' दर्ज कर रहे हैं, लेकिन कुछ अन्य स्टाफ उसकी उपस्थिति पर ओवरराइटिंग कर उसे अनुपस्थिति कर रहे हैं। महिला के अनुसार, पिछले 21 दिनों से उसकी उपस्थिति अनुपस्थिति लगी हुई है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया है।
दूसरी शिकायत में, ग्राम धनगवां निवासी सावित्री देवी राठौर ने अपने पति पुरुषोत्तम राठौर की मृत्यु के बाद मिलने वाली सहायता राशि के लिए गुहार लगाई। उनके पति का निधन 11 दिसंबर 2023 को हुआ था। महिला ने बताया कि उन्होंने अपने पति की मृतक सहायता राशि के लिए संबल कार्ड, आधार कार्ड, खाता नंबर सहित सभी आवश्यक दस्तावेज ग्राम पंचायत धनगवां के सरपंच सन्नू कोल के पास जमा किए थे। सरपंच ने उन्हें आश्वासन दिया था कि सहायता राशि 4 से 5 महीने के भीतर उनके खाते में आ जाएगी। जबकि कई बार संपर्क करने पर सरपंच के बयानों में विरोधाभास दिखा। पहले उन्हें आश्वासन दिया गया, फिर कहा गया कि उन्हें सहायता राशि नहीं मिलेगी, और बाद में फिर से अगले महीने राशि आने की बात कही गई।
लेकिन अब कह रहे हैं कि तुम्हें तुम्हारे मृतक पति का मृतक सहायता राशि दो लाख रूपए नहीं मिलेगा। महिला ने बताया कि गरीब विधवा महिला की मृतक पति के मृतक सहायता राशि दिलाए, मेरे पास संबल कार्ड नहीं है जो रहा वह सरपंच को दे चुकी हूं उन्हीं के पास है। इस दौरान जन सुनवाई में जिले के अन्य हिस्से से अपनी समस्याओं को 42 अन्य लोगों ने अपना आवेदन कलेक्टर को दिया।
कलेक्टर ने सुनीं 42 आवेदकों की समस्याएं
मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 42 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नगर परिषद बरगवां अमलाई निवासी रुकमणी महरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम औढेरा निवासी संजय जडिया ने नक्शा तरमीम कराये जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम कदमटोला निवासी रामप्रसाद ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाए जाने, तहसील कोतमा के बिजुरी निवासी नारायण महरा ने भूमि का सीमांकन कराये जाने, तहसील जैतहरी के वेंकटनगर निवासी सुभद्रा द्विवेदी ने अनुकंपा नियुक्ति कराई जाने के संबंध में, तहसील अनूपपुर के ग्राम मेडियारास निवासी परसादी चर्मकार ने अपने पुत्र के उपचार हेतु सहायता राशि दिलाए जाने, तहसील अनूपपुर के पोड़ी मानपुर निवासी मनोज माझी ने जाति प्रमाण पत्र बनवाए जाने, अनूपपुर के वार्ड नंबर 2 निवासी मोहम्मद इल्ताफ खान ने आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

