मंदसौरः बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधित किया

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधित किया


मंदसौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती किसानी तथा औषधी फसलों में समृद्ध मंदसौर जिला अब तरक्की के नए आयामों को स्पर्श कर रहा है। ऐट लेन एक्सप्रेस वे, गांधी सागर चीता प्रोजेक्ट, पशुपतिनाथ लोक जैसी कई सौगातें जिले को मिली है। आगामी दिनों में मंदसौर नीमच जिलो को एयरपोर्ट सुविधा, परिवहन सेवा की बसों के माध्यम से भोपाल की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

मुख्यमंत्री मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मंदसौर जिले से जुड़कर बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। कृषि उपज मंडी परिसर मंदसौर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में सांसद सुधीर गुप्ता, मध्य प्रदेश अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार,नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, धीरज पाटीदार, विजय सुराणा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, एसडीएम शुभम पाटीदार तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में नवीन तकनीक के माध्यम से मंदसौर जिला श्रेष्ठ खेती किसानी कर रहा है। जिले में औषधि फसले भी उल्लेखनीय है। एक जिला एक उत्पाद के तहत मंदसौर जिले के लहसुन की भी प्रतिष्ठा है जिसकी ब्रांडिंग मार्केटिंग शासन द्वारा की जा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश शासन किसान कल्याण के लिए कृत संकल्पित है शासन ने सिंचाई योजनाओं के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अन्नदाता किसानों के हित में कृत संकल्पित मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया जाकर किसान हित में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिले के उन्नत कृषकों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया इस अवसर पर प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story