अनूपपुर: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय के जनजातीय वर्ग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय के जनजातीय वर्ग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ की बैठक


अनूपपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने बुधवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में जनजातीय वर्ग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं छात्र कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

आयोग के अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, छात्रावास सुविधाओं तथा जनजातीय विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनजातीय विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, शैक्षणिक उन्नयन एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए। अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय की छात्रावास व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक प्रणाली तथा जनजातीय विद्यार्थियों के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों एवं आवश्यकताओं से अध्यक्ष को अवगत कराया। साथ ही, विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनजातीय विद्यार्थियों के हितों के अनुरूप सुदृढ़ बनाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

अध्यक्ष आर्य ने प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा उनके गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समग्र विकास एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित पक्ष समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

बैठक में मध्य प्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित विश्वविद्यालय के जनजातीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story