अमरकंटक में दिखी बुंदेलखंड की लोक परंपरा, वाद्य यंत्रों की थाप पर लोकगीत और नृत्य से जीवंत हुई संस्कृति

WhatsApp Channel Join Now
अमरकंटक में दिखी बुंदेलखंड की लोक परंपरा, वाद्य यंत्रों की थाप पर लोकगीत और नृत्य से जीवंत हुई संस्कृति


अमरकंटक में दिखी बुंदेलखंड की लोक परंपरा, वाद्य यंत्रों की थाप पर लोकगीत और नृत्य से जीवंत हुई संस्कृति


अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र तीर्थनगरी अमरकंटक में दीपावली के अवसर पर बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। पन्ना जिले के खजुराहो क्षेत्र से करीब 65 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल दीपावली की संध्या पर मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक पहुंचा। यहां दल के सदस्यों ने हाथों में डंडे और मोरपंख तथा पैरों में घुंघरू धारण कर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर लोकगीत गाए और सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने बुंदेली लोक परंपरा को जीवंत कर दिया।

दल में बाला प्रसाद, धनीराम, भारत प्रसाद, हेतराम, राजाराम, कमलेश, रूप सिंह, हीरालाल, आशीष और हरिओम सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। सभी सदस्य बुंदेलखंड की प्राचीन लोक परंपरा के अनुरूप पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे थे। वाद्य यंत्रों की लयबद्ध थाप, सामूहिक गायन और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से अमरकंटक का वातावरण लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो गया।

तीन-चार वर्षों से निभा रहे परंपरा

बताया जाता है कि बुंदेलखंड से श्रद्धालुओं का यह दल पिछले तीन-चार वर्षों से दीपावली के अवसर पर अमरकंटक पहुंचकर अपनी पारंपरिक लोक गायन और नृत्य की परंपरा निभा रहा है। दीपावली के दूसरे दिन दल के सदस्यों ने श्रद्धा के साथ मां नर्मदा के रामघाट में पवित्र स्नान किया। इसके बाद नर्मदा मंदिर परिसर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर लोकगीत गाते हुए नृत्य किया। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह और सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

दर्शन-पूजन के बाद धारण करते हैं मौन व्रत

लोक परंपरा के अनुसार, मां नर्मदा मंदिर में विधिवत दर्शन, पूजन और अर्चन करने के बाद दल के सभी सदस्य मौन व्रत धारण करते हैं। इसके पश्चात वे मौन रहकर अपने गृह क्षेत्र के लिए रवाना हो जाते हैं।

बुंदेलखंड से अमरकंटक तक चली आ रही यह परंपरा केवल लोकगीत और नृत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आस्था, श्रद्धा, सामूहिक साधना और पीढ़ियों से संजोई सांस्कृतिक विरासत का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। दीपावली पर मां नर्मदा की पावन धरा पर बुंदेली लोक संस्कृति की इस प्रस्तुति ने तीर्थनगरी के धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को विशेष गरिमा प्रदान की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774316 Articles

Share this story