अनूपपुर नगर की सीमा का होगा विस्तार, पालिका में जुड़ेंगे 8 नए गांव बढ़ेगी वार्डों की संख्या, भेजा प्रस्ताव

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर नगर की सीमा का होगा विस्तार, पालिका में जुड़ेंगे 8 नए गांव बढ़ेगी वार्डों की संख्या, भेजा प्रस्ताव


अनूपपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यासलय की नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत जिला मुख्यालय से लगे आठ ग्राम पंचायतों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल करने की योजना है। नगर पालिका की टीम ने इस संबंध में सर्वे कार्य पूरा कर प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस प्रस्ताव पर आगामी कुछ दिनों के भीतर ही अनुमति मिलने की संभावना है। इस विस्तार से अनूपपुर नगर पालिका का शहरीकरण का दायरा बढ़ेगा। नगर पालिका अनूपपुर की सीमा से सटे जिन आठ ग्रामों को इसमें शामिल किया गया है, उनमें बरबसपुर, मानपुर का कुछ हिस्सा, ग्राम परसवार की सीमा ग्राम पंचायत कार्यालय तक, ग्राम करहीबाह, ग्राम सकरिया में ला कॉलेज तक का हिस्सा, तिपानखोली, सेदुरी और बर्री पंचायत का कुछ हिस्सा शामिल हैं। वर्तमान में अनूपपुर नगर पालिका में 15 वार्ड हैं। परिसीमन कार्य को मंजूरी मिलने के बाद वार्डों की संख्या बढ़कर 20 से 23 हो सकती है।

परिसीमन का एक मुख्य उद्देश्य नगर पालिका के क्षेत्र में वृद्धि करते हुए इसके राजस्व में इजाफा करना है। इससे अनूपपुर नगर पालिका की आय बढ़ सकेगी। इस प्रक्रिया में ज्यादातर ऐसे ग्रामों में स्थित शासकीय भूमि क्षेत्रों को शामिल किया गया है, ताकि वहां विकास कार्य किए जा सकें और नगर पालिका का राजस्व बढ़ाया जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष अंजुलिका शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वार्डों के परिसीमन के सर्वे का कार्य पूरा कर प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है, जिस पर जल्द ही मंजूरी मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन के बाद जिला मुख्यालय में कई और वार्ड बढ़ जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story