ईरान के हमले में मृत मंजूर अहमद का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पहुंचेगा उज्जैन

WhatsApp Channel Join Now
ईरान के हमले में मृत मंजूर अहमद का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पहुंचेगा उज्जैन


उज्जैन, 4 जून (हि.स.)। कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले में उज्जैन निवासी 55 वर्षीय मंजूर अहमद की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है। राज रॉयल कॉलोनी निवासी मंजूर अहमद का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह उज्जैन पहुंचने की संभावना है। परिजनों के अनुसार अंतिम दर्शन के लिए शव को उनके निवास पर लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और मौलाना मोज दरगाह स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

मंजूर अहमद पिछले करीब 30 वर्षों से कुवैत में रहकर टेलरिंग का काम कर रहे थे, जबकि उनका परिवार उज्जैन में ही रहता है। इस बार वे अपने भांजे के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए भारत लौट रहे थे। उनके भांजे की बारात 8 जून को रतलाम के शैरानीपुरा से निकलनी है और इसी कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी उन्होंने की थी।

परिजनों ने बताया कि मंजूर अहमद दिल्ली आने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए कुवैत एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान हुए ड्रोन हमले की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।

मृतक अपने पीछे मां, पत्नी फरीदा बी, बेटियां सना परवीन और सबा परवीन तथा पुत्र मोहम्मद अनस को छोड़ गए हैं। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा मंजूर अहमद ही संभालते थे।

परिजनों के मुताबिक भारत रवाना होने से पहले उन्होंने बेटे अनस से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि दिल्ली पहुंचने के बाद ट्रेन से नागदा आएंगे, जहां से बेटा उन्हें लेकर उज्जैन जाएगा। करीब सात माह बाद घर लौटने की खुशी में पूरा परिवार उनकी राह देख रहा था, लेकिन कुछ घंटों बाद आई मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।

मंजूर के बहनोई इस्माईल ने बताया कि वे अक्टूबर 2025 में उज्जैन आए थे। उस दौरान उन्होंने परिवार से कहा था कि कुछ समय और काम करने के बाद स्थायी रूप से भारत लौटने की योजना है। उनका मानना था कि बेटे का भविष्य सुरक्षित करने के बाद वे कुवैत छोड़ देंगे।

परिवार के सदस्य मोहम्मद सलीम के अनुसार पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। संभावना है कि शव पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से परिजन उसे सड़क मार्ग से उज्जैन लेकर आएंगे। शुक्रवार सुबह तक पार्थिव शरीर के घर पहुंचने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story