अनूपपुर: दो दिन से लापता वृद्धा का शव कुएं में मिला, पानी भरने गई बहु ने देखा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: दो दिन से लापता वृद्धा का शव कुएं में मिला, पानी भरने गई बहु ने देखा


अनूपपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्रांतर्गत देवहरा पुलिस चौकी के देवहरा गांव में बुधवार को दो दिनों से लापता 55 वर्षीय वृद्धा द्विजी बैगा पत्नी बैजोल बैगा का शव उसके ही बाड़ी में बने कुएं में मिला। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकाला पोस्टमार्डम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्रा ने बताया कि महिला (वृद्धा) 5 अक्टूबर की दोपहर से घर से लापता थी, वृद्धा के पैर में परेशानी थी, पति के पैर भी तिरछे हैं, जिसके कारण वह घर में रहते हुए ज्यादा घूम फिर नहीं करता है। बेटा मजदूरी का काम करता है। घर में बहु और छोटे बच्चे है।

परिजनों के अनुसार घटना के दिन दोपहर संभवतः वृद्धा किसी काम से बाड़ी की ओर गई थी, बेटा मजदूरी कर घर लौटा था, जहां खाने के बाद सो गया, बहु इस ओर ध्यान नहीं दी। वृद्धा गांव में अक्सर घूमने निकल जाया करती थी, जिसके कारण दोपहर से शाम तक उसकी खोजबीन नहीं हुई। लेकिन रात होने पर बेटा और बहु खोजबीन किया, उन्हें लगा कि किसी के घर रह गई होगी लौट आएगी। लेकिन दूसरे दिन भी वह नहीं लौटी। इसके बाद बुधवार की सुबह बहु उसी कुएं से पानी भरने कुएं पर गई, जहां वृद्धा का शव उतरता पाया। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टया में संभवतः नहाने या पानी निकलने गई वृद्धा के पैर में परेशानी के कारण वह कुएं के पास अनियंत्रित होकर गिर गई होगी, पानी में डूबे रहने के कारण परिजनों को पता नहीं चला, जब शव पानी में फुल गया तो ऊपर आया, जिसे बहु ने कुएं के अंदर उतरता देखा, कुआँ लगभग 30 फीट से अधिक गहरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story