मंदसौर : अतिक्रमण के विरोध में प्रभावितों ने गांधी चौराहे पर किया चक्काजाम, भारी पुलिस बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर नगर में 'आदर्श रोड' बनाने की कवायद के बीच अतिक्रमण हटाने की मुहिम दूसरे दिन (बुधवार) भी जारी है। कार्रवाई के विरोध में गांधी चौराहे पर हाथ ठेला और गुमटी व्यवसायियों ने फिर मोर्चा खोल दिया है। व्यवसायी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विरोध कर रहे व्यवसायियों का कहना है कि वे सालों से यहां अपना रोजगार चला रहे हैं। प्रशासन द्वारा अचानक आकर ठेले हटाना और उन्हें बेरोजगार करना उचित नहीं है। इसी नाराजगी के चलते वे सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं।

मंगलवार को मुहिम के पहले दिन भी गांधी चौराहा स्थित जिला चिकित्सालय के सामने व्यवसायियों ने विरोध जताते हुए चक्काजाम किया था। तब प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद उन्होंने जाम खोल दिया था। लेकिन आज दूसरे दिन फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। गत दिवस प्रशासनिक अमले ने गांधी चौराहे से नेहरू बस स्टैंड और बालाजी मंदिर तक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की।

बता दें कि शहर के सरदार वल्लभभाई चौराहा से लेकर मंडी गेट तक के मार्ग को 'आदर्श रोड' के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके तहत यह मुहिम चलाई जा रही है। विरोध प्रदर्शन के चलते मार्ग पर यातायात बाधित हो रहा था सुरक्षा की दृष्टि से भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। देर शाम तक भी ठेला और गुमटी व्यवसायी गांधी चौराहा पर धरना देते रहा, हालांकि प्रशासन की तरफ से कोई भी उनसे बात करने नहीं आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story