अनूपपुर: मप्र-छग को जोडने वाला अमरकंटक-कबीर चबूतरा मार्ग बारिश में बदहाल, मरम्मत के अभाव में आवाजाही मुश्किल

WhatsApp Channel Join Now

अनूपपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाला अमरकंटक-कबीर चबूतरा मार्ग लगातार बारिश के बाद बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर जोखिम भरा हो गया है। प्रतिदिन आने-जाने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। अफरोज रोड से बांधा पुल तक सड़क काफी संकरी है। सिंगल लेन होने के कारण आमने-सामने से आने वाले बड़े वाहनों की क्रॉसिंग के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क किनारे पर्याप्त पिचिंग और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से बरसात में जोखिम और बढ़ गया है। इसी मार्ग पर नर्मदा नदी के बांधा क्षेत्र स्थित माधव सरोवर पुल की स्थिति भी खराब हो गई है। पुल की लोहे की रेलिंग कई जगह क्षतिग्रस्त होकर नदी की ओर झुक गई है। वहीं, पुल की कंक्रीट सतह टूटने और नीचे मिट्टी का कटाव होने से इसकी मजबूती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अमरकंटक आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह प्रमुख मार्ग है। ऐसे में सड़क और पुल की शीघ्र मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

लोक निर्माण विभाग अनूपपुर के कार्यपालन यंत्री प्रभात लोरिया ने सोमवार को बताया कि हाल के दिनों में हुई तेज बारिश से सड़क को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्थल का निरीक्षण कराकर सड़क की फीलिंग और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story