मंदसौरः 64वें पशुपतिनाथ महादेव मेला का हुआ पाटोत्सव के साथ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः 64वें पशुपतिनाथ महादेव मेला का हुआ पाटोत्सव के साथ शुभारंभ


मन्दसौर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में नगर पालिका द्वारा भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के 64 वें भव्य मेला का शुक्रवार को सादगीपूर्ण समारोह में शुभारंभ किया गया। मेला के उद्घाटन अवसर पर पशुपतिनाथ महादेव मंदिर का पाटोत्सव भी आयोजित किया गया।

भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम भगवान पशुपतिनाथ की अष्टमुखी प्रतिमा का पूरे विधि विधान से पूजन अर्चन एवं आरती की गयी। नपा परिषद मंदसौर व पशुपतिनाथ महादेव मेला समिति के द्वारा पशुपतिनाथ के पूजन अर्चन के बाद मंदिर परिसर में संत प्रत्यशानंद जी महाराज व संत मस्तरामजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष मेला के उद्घाटन व पाटोत्सव हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मेनपुरिया आश्रम के महंत मणि महेश चेतन्यजी महाराज, कलेक्टर व पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष दिव्यांक सिंह, पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया, भाजपा जिला महामंत्री शिवराज सिंह राणा घटावदा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुये। कार्यक्रम की अध्यक्षता नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने की।

मैनपुरिया आश्रम के महंत मणि महेश चेतन्यजी महाराज ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर मंदसौर जिले की पहचान है। प्रसन्नता की बात है कि नपा परिषद यहां 64 वे मेला का आयोजन कर रही है।

कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि नपा परिषद जो मेला का आयोजन कर रही है वह सराहनीय है जिला प्रशासन मेला के आयोजन में नपा के साथ पूरे तालमेल से आयोजन को सम्पन्न करने में पूर्ण सहयोग करेगा।

नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि बाहर से जो व्यापारी आये है वे अच्छा व्यापार व्यवसाय करे तथा मेला का आयोजन भव्य हो यही हमारा प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story