शिवपुरीः टीईटी के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, करैरा में निकाली रैली

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरीः टीईटी के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, करैरा में निकाली रैली


शिवपुरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा ब्लॉक में टीईटी के विरोध में शनिवार को शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों ने मधुर मिलन गार्डन, बस स्टैंड से तहसील कार्यालय तक रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

रैली के पश्चात शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम करैरा तहसीलदार शिवम उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों ने टीईटी से संबंधित नीतियों पर आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि 01 जुलाई 2018 से नवीन शैक्षणिक संवर्ग में शामिल शिक्षकों की सेवा अवधि की गणना उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से की जाए, ताकि उन्हें पेंशन एवं ग्रेच्युटी सहित अन्य लाभ मिल सकें। वर्तमान में 01 जुलाई 2018 को आधार मानने से शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा अनिवार्य किए जाने का विरोध करते हुए इसे निरस्त करने की मांग की गई। शिक्षकों ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के संदर्भ में शासन से अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा 03 मार्च 2026 को जारी आदेश को वापस लेने की भी मांग की।

प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था से उनके अधिकार प्रभावित हो रहे हैं, जिसके चलते प्रदेशभर में विरोध जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Share this story