जबलपुर: घर के भीतर देसी बम फेंककर फैलाई दहशत, आरोपी की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: घर के भीतर देसी बम फेंककर फैलाई दहशत, आरोपी की तलाश जारी


जबलपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक मकान के भीतर देसी बम फेंके जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सरकारी कुआं निवासी अंजू राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती रात वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रही थीं। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके से घर में अफरा-तफरी मच गई। बाहर आकर देखने पर पता चला कि विस्फोट के कारण दरवाजे पर लगा पर्दा जल गया और एक फोटो फ्रेम टूट गया।

पीड़िता का आरोप है कि जब वे परिवार सहित बाहर निकलीं तो देखा कि पास ही जेठानी के मकान की ओर अनुज गुप्ता उर्फ मेवा एक और बम फेंक रहा था। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 351(2), 324(4) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story