धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर छतरपुर में बढ़ता जा रहा तनाव, बागेश्वर धाम में भारी पुलिस बल तैनात
छतरपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद छतरपुर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। यादव महासभा, ओबीसी महासभा और दामोदर यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन का ऐलान करते हुए बागेश्वर धाम तक पैदल मार्च निकालने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियों की ओर से धाम पहुंचकर तालाबंदी करने की बात कहे जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने धाम की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
शुक्रवार को छतरपुर के रेलवे स्टेशन ग्राउंड में यादव समाज के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। प्रदर्शन में यादव समाज के अलावा अन्य समुदायों के लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में उन्होंने आंदोलन शुरू किया है।
प्रदर्शनकारियों के बागेश्वर धाम पहुंचने के ऐलान के बाद धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में भी हलचल बढ़ गई है। एक ओर यादव महासभा के लोग जुट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थकों के भी एकत्रित होने की सूचना है। दोनों पक्षों के कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे होने की बात सामने आई है। ऐसे में प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
धाम जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग, वाहनों की जांच
सुरक्षा व्यवस्था की कमान छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने संभाली है। वे भारी पुलिस बल के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। बागेश्वर धाम की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

