हरदा: पुलिस पूछताछ के लिए बुलाए गए बुजुर्ग ने थाने में खाया जहर, मौत के बाद टिमरनी में तनाव, विधायक-परिजन धरने पर बैठे

WhatsApp Channel Join Now
हरदा: पुलिस पूछताछ के लिए बुलाए गए बुजुर्ग ने थाने में खाया जहर, मौत के बाद टिमरनी में तनाव, विधायक-परिजन धरने पर बैठे


हरदा, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की थाना परिसर में जहर खाने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। रविवार काे परिजन और सामाजिक संगठन न्यायिक जांच की मांग को लेकर जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं, जिसमें स्थानीय विधायक आर.के. दोगने भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पिपल्याकला निवासी रामदास कोरकू पुत्र ओंकारदास कोरकू को गौवंश की मौत से जुड़े एक मामले में शनिवार शाम को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। इस दाैरान पूछताछ के बाद उन्होंने जहर का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें टिमरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके बाद रविवार सुबह घटना के विरोध में परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन स्वजनों को समझाइश दे रहे हैं। लेकिन स्वजन न्यायिक जांच और जांच अधिकारी को निलंबित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनकी मांग है कि मामले की न्यायिक जांच कराई जाए और संबंधित जांच अधिकारी को तत्काल निलंबित किया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर रविवार को जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया गया। सुबह से दोपहर 12 बजे तक मांग पूरी नहीं होने पर विभिन्न सामाजिक संगठन और विधायक आरके दोगने जिला अस्पताल के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए। मृतक के परिवार का कहना है कि रामदास को पिछले कई दिनों से थाने बुलाकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका यह भी दावा है कि पुलिस यह गलत बता रही है कि उन्हें पहले ही छोड़ दिया गया था।

दरअसल यह पूरा मामला 26 अप्रैल को छिदगांव मेल गांव में हुई घटना से जुड़ा है, जहां अज्ञात लोगों ने पांच गौवंश को रेलवे ट्रैक पर बांध दिया था, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें गठित की थीं और संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। इसी क्रम रामदास को भी शनिवार काे पूछताछ के लिए टिमरनी थाने बुलाया गया था। शनिवार को ही एसपी शशांक मिश्रा ने भी पूछताछ की थी। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि बुजुर्ग को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उन्होंने किन परिस्थितियों में जहर का सेवन किया, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story