धार के गांव में तेंदुए का आतंक, चार ग्रामीण और वनकर्मी घायल; सर्च ऑपरेशन जारी

WhatsApp Channel Join Now
धार के गांव में तेंदुए का आतंक, चार ग्रामीण और वनकर्मी घायल; सर्च ऑपरेशन जारी


धार के गांव में तेंदुए का आतंक, चार ग्रामीण और वनकर्मी घायल; सर्च ऑपरेशन जारी


धार, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई, जब एक तेंदुआ जंगल से निकलकर रिहायशी बस्ती में घुस आया। दिनदहाड़े हुई इस घटना में तेंदुए ने चार ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले के दौरान वन विभाग का एक कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक राहगीर ने सड़क पर तेंदुए को देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते तेंदुआ गांव की बस्ती में पहुंच गया और लोगों पर झपट्टा मारना शुरू कर दिया। हमले में महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास डावर निवासी बडवेल घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल गुजरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि सभी को आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

तेंदुए के गांव में घुसने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों में रहने को मजबूर हैं। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए थे, जिसके चलते स्थिति और संवेदनशील हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई है।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक तेंदुए को काबू नहीं किया जा सका था। अधिकारियों का कहना है कि अभियान जारी है और जल्द ही उसे सुरक्षित पकड़ लिया जाएगा।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घरों में सुरक्षित रहें, बिना आवश्यकता बाहर न निकलें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही तेंदुए को देखने के लिए भीड़ न लगाने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

Share this story