कटनी : शिकार का पीछा करते 70 फीट गहरे कुएं में गिरा तेंदुआ, रात में चला घंटों रेस्क्यू अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कटनी : शिकार का पीछा करते 70 फीट गहरे कुएं में गिरा तेंदुआ, रात में चला घंटों रेस्क्यू अभियान


कटनी, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बड़वारा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुआं गांव में शिकार का पीछा करते हुए करीब सात वर्षीय तेंदुआ 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम की मदद से शुक्रशार देर रात तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

वन परिक्षेत्राधिकारी अतुल सिंह बघेल के अनुसार, खेतों के समीप स्थित गहरे कुएं से ग्रामीणों को रात में कुछ अजीब आवाजें सुनाई दीं। कुएं में झांकने पर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। कुएं की अधिक गहराई और रात का समय होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। स्थिति को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया गया।

रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों के बीच अभियान शुरू किया। घने अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे टीम ने करीब 70 फीट गहरे कुएं में फंसे तेंदुए को जाल में सुरक्षित पकड़ने की रणनीति बनाई। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे तेंदुए को सुरक्षित जाल में फंसाकर कुएं से बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद तेंदुए को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सकों ने उसकी स्वास्थ्य जांच की। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक दिलीप मराठा ने बताया कि तेंदुए के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही विशेषज्ञ टीम को रवाना किया गया था। टीम ने रात करीब एक बजे तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को मुकुंदपुर भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

Share this story