राजगढ़ः 10 स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं की जांच

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः 10 स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं की जांच


राजगढ़, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को जिले की 10 प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविरों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं पहुंचीं। चिकित्सकों ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया।

शिविरों के सुचारू संचालन के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वहीं जिला स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. पटेल ने स्वास्थ्य सेवाओं और जांच व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को जल्द सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मौके पर ही उनके ई-टिकट जनरेट करवाए। इन ई-टिकट के जरिए महिलाएं चिन्हित निजी सोनोग्राफी सेंटरों पर पूरी तरह निःशुल्क सोनोग्राफी करा सकेंगी।

डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि ई-टिकट जनरेट होने के बाद संबंधित गर्भवती महिला आगामी सात दिनों के भीतर चिन्हित निजी सोनोग्राफी सेंटर पर जाकर जांच करा सकती है। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और प्रसव के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करना है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व के लिए नियमित जांच बेहद जरूरी है। शिविरों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को जांच, उपचार, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story