अनूपपुर: नर्मदा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने ज्ञापन सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: नर्मदा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने ज्ञापन सौंपा


अनूपपुर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मां नर्मदा के उद्गम स्थली अमरकंटक को प्रदूषण मुक्त करने की मांग को लेकर सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस धर्म और मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने अपर कलेक्टर दिलीप पांडेय को ज्ञापन सौंप नर्मदा के अस्तित्व को बचाने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।

प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी और विधायक फुदेलाल सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नर्मदा नदी में गंदे नालों का पानी, कचरा और डिटर्जेंट लगातार मिल रहा है। इससे न केवल नदी का पानी दूषित हो रहा है, बल्कि यहां आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को भी ठेस पहुंच रही है। जिसमे 3 प्रमुख मांगें में नर्मदा घाटों पर साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिनमें यह स्पष्ट हो कि साबुन या सर्फ का उपयोग करने पर 2000 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। घरों और दुकानों के ड्रेनेज के पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं और अमरकंटक में तत्काल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण हो। घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और प्रदूषण फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए 'नर्मदा पुलिस' की तर्ज पर विशेष निगरानी दल तैनात किए जाएं।

एकजुट होकर उठाई आवाज

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शासन-प्रशासन की सख्ती और जन-जागरूकता के बिना मां नर्मदा को स्वच्छ रखना संभव नहीं है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान और पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह, रजन राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story