सागर: मंदिर की खुदाई में मिले प्राचीन चांदी के सिक्के, मुडारी गांव में जुटी लोगों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
सागर: मंदिर की खुदाई में मिले प्राचीन चांदी के सिक्के, मुडारी गांव में जुटी लोगों की भीड़


सागर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत मुडारी गांव में स्थित ठाकुर बब्बा मंदिर परिसर की खुदाई के दौरान प्राचीन चांदी के सिक्के मिलने से इलाके में उत्सुकता का माहौल बन गया। सिक्के मिलने की खबर फैलते ही मंगलवार काे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिक्कों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी में दबे कुछ चमकीले धातु के टुकड़े दिखाई दिए। जांच करने पर वे पुराने चांदी के सिक्के निकले। मौके पर मौजूद लोगों में सिक्कों को लेकर उत्सुकता बढ़ गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक तौर पर सिक्कों की बनावट और उन पर बने चिन्हों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वे ब्रिटिश काल या उससे संबंधित समय के हो सकते हैं।

जानकारों के अनुसार ये सिक्के वर्ष 1837 से 1901 के बीच के हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही नवीन ठाकुर, प्रदीप वाल्मीकि और विजयकांत त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सभी सिक्कों को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया है और मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

एसडीएम नवीन ठाकुर ने बताया कि सिक्कों की वास्तविक उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये सिक्के किस कालखंड से संबंधित हैं।

ग्रामीणों के बीच इस खोज को लेकर खासा उत्साह है। कई लोग इसे मंदिर से जुड़ा चमत्कार मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे किसी पुराने काल के दबे खजाने से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story