मध्य प्रदेश में सीजन में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे, कल्याणपुर सबसे ठंडा, पचमढ़ी से सर्द इंदौर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में सीजन में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे, कल्याणपुर सबसे ठंडा, पचमढ़ी से सर्द इंदौर


भोपाल, 12 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में ठंड ने इस सीजन में पहली बार जोर पकड़ लिया है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल के कल्याणपुर में बीती रात सबसे कम 9.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अनूपपुर का अमरकंटक और कटनी का करौंदी भी सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे। वहीं, इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर समाप्त होने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आने लगेंगी। इससे रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ेगा। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शहडोल का कल्याणपुर, अनूपपुर का अमरकंटक और कटनी का करौंदी शामिल हैं। बीती रात कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमरकंटक में 10.1 डिग्री और करौंदी में 10.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

इसके अलावा दमोह में 11.5 डिग्री, शाजापुर के गिरवर कस्बे में 11.8 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.6 डिग्री और रायसेन में 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। पचमढ़ी, जबलपुर और मंडला में पारा 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4 डिग्री, रीवा में 13.6 डिग्री तथा भोपाल और खजुराहो में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री तक नीचे बना हुआ है, जबकि भोपाल संभाग में यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से के ग्वालियर-चंबल संभाग में फिलहाल न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

दूसरी ओर, दिवाली के बाद प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया है। ऐसा पिछले पांच साल में तीसरी बार हुआ है। ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत कई शहरों में भी एक्यूआई बढ़ा है। प्रदूषण के कारण रात 8 बजे के बाद ही शहरों में धुंध छाने लगती है, जबकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद आने वाली ठंडी हवाओं से प्रदेश में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775620 Articles

Share this story