टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने किए महाकाल के दर्शन, बोले-विश्व कप जीत के बाद आशीर्वाद लेने आया हूं

WhatsApp Channel Join Now
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने किए महाकाल के दर्शन, बोले-विश्व कप जीत के बाद आशीर्वाद लेने आया हूं


उज्जैन, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह उनका पहला उज्जैन दौरा था। मंदिर पहुंचकर उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नंदी के कान में अपनी मन्नत भी कही।

साेमवार दोपहर करीब 2 बजे मंदिर पहुंचे तिलक वर्मा ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ पार्थ पंवार भी मौजूद थे, जो अजित पवार के पुत्र हैं। उनके साथ कुछ विधायक और अन्य लोग भी मंदिर पहुंचे।

दर्शन के बाद तिलक वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने भगवान महाकाल से टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की थी। अब जब भारत विश्व विजेता बना है तो वे भगवान का आशीर्वाद लेने और उनका आभार व्यक्त करने उज्जैन आए हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के रूप में मेहनत करना उनके हाथ में होता है, लेकिन सफलता भगवान की कृपा से ही मिलती है।

मंदिर में उनके आगमन की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और टीम इंडिया की जीत पर बधाई दी।

गौरतलब है कि आईसीसी मेन्स टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा ने भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 9 मैचों में 207 रन बनाए और मिडिल ऑर्डर में अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर उतरकर टीम को महत्वपूर्ण पारियां दीं। उनकी इस शानदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story