जबलपुर : नाबालिग को पंचायत में किया गया था अपमानित, आत्महत्या के बाद आरोपित शिक्षक हुआ निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : नाबालिग को पंचायत में किया गया था अपमानित, आत्महत्या के बाद आरोपित शिक्षक हुआ निलंबित


जबलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सगड़ा-छपनी में पदस्थ राजनीति शास्त्र के शिक्षक संतोष पटेल को सोमवार को स्कूल शिक्षा विभाग ने गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि शिक्षक ने अपने तीन भाइयों राममिलन पटेल, अशोक पटेल और राजेश पटेल के साथ मिलकर एक नाबालिग किशोरी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वाली पंचायत आयोजित की थी।

लार्डगंज थाना और बरगी नगर चौकी पुलिस की जांच में सामने आया कि किशोरी को बदनाम करने के उद्देश्य से पहले से रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई थी। पंचायत में सार्वजनिक रूप से चरित्र पर सवाल उठाए जाने के बाद 17 वर्षीय किशोरी कथित तौर पर गहरे मानसिक सदमे में चली गई।

पुलिस जांच के अनुसार 15 अक्टूबर 2025 को किशोरी का गुप्त कैमरे से रिकॉर्ड किया गया वीडियो बनाया गया था। इसके बाद 19 अक्टूबर को बुलाई गई पंचायत में यह वीडियो ग्रामीणों और रिश्तेदारों के सामने स्क्रीन पर दिखाया गया। आरोप है कि पंचायत में किशोरी को चोर और डायन कहकर अपमानित किया गया तथा उसके पिता से 3 लाख रुपये हर्जाने की मांग की गई।

10 नवंबर 2025 को उसने अपने मामा के घर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बावजूद उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चारों भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

जमानत पर बाहर आने के बाद शिक्षक ने विभागीय अधिकारियों और पुलिस कार्रवाई की जानकारी दिए बिना स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया। मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संज्ञान लिया और स्कूल शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संतोष पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story