सागर: टैक्स वसूली ठेके पर देने की तैयारी, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
सागर: टैक्स वसूली ठेके पर देने की तैयारी, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी


सागर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में नगर निगम में टैक्स और राजस्व वसूली व्यवस्था को निजी हाथों में देने की प्रशासनिक तैयारियों के सामने आते ही शहर में राजनीतिक पारा चढ़ गया। नगर निगम प्रशासन की इस योजना के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव ने सोमवार को जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के साथ विचार-विमर्श के बाद इस प्रस्तावित व्यवस्था के विरोध में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि नगर निगम अपनी बुनियादी और संवैधानिक जिम्मेदारियों से पीछे हट रहा है।

उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए कहा, यदि वार्डों में टैक्स वसूली का काम निजी ठेकेदारों के सुपुर्द कर दिया जाएगा, तो निगम में पहले से कार्यरत टैक्स कलेक्टरों और प्रशासनिक कर्मचारियों की क्या उपयोगिता रह जाएगी?

कांग्रेस नेताओं का स्पष्ट आरोप है कि नियमित निगम कर्मियों के रहते वसूली व्यवस्था को ठेके पर देना किसी भी दृष्टिकोण से जनहित में नहीं है। निजी ठेकेदारों के आने से आम नागरिकों पर बेवजह का दबाव बढ़ेगा और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

कांग्रेस पार्षदों ने भी नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। पार्षदों का आरोप है कि निगम के उच्च अधिकारी और निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी निर्णय लेने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी कहा कि नगर निगम के समूचे प्रशासनिक तंत्र पर अधिकारियों और बाबुओं का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनता की समस्याएं अनदेखी हो रही हैं।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन ने वसूली व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर निगम का मूल दायित्व नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और पारदर्शी तरीके से राजस्व जुटाना है, न कि महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का निजीकरण करना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story