शाजापुर में ‘प्रतिभा खोज परीक्षा’ का आयोजन, 9वीं-11वीं के चयनित 600 विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क जेईई-नीट मार्गदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुर में ‘प्रतिभा खोज परीक्षा’ का आयोजन, 9वीं-11वीं के चयनित 600 विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क जेईई-नीट मार्गदर्शन


भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार के निर्देश पर, शाजापुर जिले में विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे अवसर और उचित दिशा देने के उद्देश्य से ‘प्रतिभा खोज परीक्षा’ (टीएसई) का आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय प्रतिभा उत्थान अभियान (एबीपीयूए) के अंतर्गत आयोजित यह पहल शाजापुर जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने शुक्रवार को बताया कि इस परीक्षा में किसी भी बोर्ड एवं विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9वीं एवं 11वीं के पात्र विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। परीक्षा के माध्यम से चयनित शीर्ष 600 विद्यार्थियों को आईआईटी एवं एनआईटी के अनुभवी अध्यापकों द्वारा जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।

24 अगस्त की मध्यरात्रि तक पंजीयन का अवसर

‘प्रतिभा खोज परीक्षा’ के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 24 अगस्त की मध्यरात्रि निर्धारित है। पंजीकृत विद्यार्थी 25 अगस्त से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे और परीक्षा रविवार, 30 अगस्त को आयोजित होगी। ज्ञातव्य है कि परीक्षा की तिथियों में संशोधन कर पंजीयन की अवधि बढ़ाई गई है, ताकि जिले का कोई भी पात्र एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे।

शासकीय से निजी विद्यालय तक सभी पात्र विद्यार्थियों को अवसर

प्रतिभा खोज परीक्षा में शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की गई है कि वे अपने विद्यालय के पात्र विद्यार्थियों को इस अवसर की जानकारी दें और उनका पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित कराएं। जिले में अब तक 1 हजार 794 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन हो चुका है। विद्यार्थियों एवं विद्यालयों की उत्साहपूर्ण सहभागिता इस पहल की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है।

निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन

विद्यार्थी, पोर्टल lms.pratibhamandir.org पर जाकर निःशुल्क पंजीयन कर सकते हैं। इसके साथ ही जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर भी पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग एवं अखिल भारतीय प्रतिभा उत्थान अभियान (ABPUA) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित यह पहल ‘प्रतिभा को पहचान, प्रतिभा को अवसर और प्रतिभा को सही दिशा’ देने की दिशा में सार्थक प्रयास है।

मंत्री परमार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है, ताकि शाजापुर की कोई भी प्रतिभा अवसर के अभाव में पीछे न रह जाए और जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story